बलरामपुर : शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर प्रशासन सख्त

Share

बलरामपुर, 09 जून ।मंगलवार को शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर वाड्रफनगर विकासखंड के ग्राम महेवा स्थित शासकीय भूमि का राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और सीमांकन एवं चिन्हांकन की कार्रवाई की।

प्रशासन को ग्राम महेवा के खसरा क्रमांक 2 की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत को समय-सीमा के अंतर्गत दर्ज करते हुए मामले की जांच प्रारंभ की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि की सुरक्षा और संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामले से संबंधित सरपंच को छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब प्राप्त होने और उपलब्ध दस्तावेजों के परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वाड्रफनगर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीर निधि नंदेहा के नेतृत्व में तहसीलदार रघुनाथनगर, राजस्व निरीक्षक, पटवारी तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित शासकीय भूमि का सत्यापन किया गया और आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए भूमि पर लाल झंडियां लगाकर सीमांकन एवं चिन्हांकन की कार्रवाई की गई, ताकि किसी प्रकार का नया अतिक्रमण या अवैध कृषि गतिविधि न हो सके।

अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ने बताया कि प्रकरण की जांच प्रक्रिया जारी है और जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध तथ्यों एवं अभिलेखों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी शासकीय संपत्तियों के संरक्षण में सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।