नारायणपुर एसपी ने थाना कुकड़ाझोर में औचक निरीक्षण

Share

नारायणपुर, 09 जून । जिले में प्रभावी पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नारायणपुर रोबिनसन गुडिय़ा ने आज मंगलवार को थाना कुकड़ाझोर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र में संचालित पुलिस गतिविधियों, अपराध नियंत्रण की कार्यवाही तथा अभिलेखों के संधारण की विस्तृत समीक्षा की।

एसपी ने थाना के अपराध पंजी, शिकायत पंजी, मर्ग एवं गुम इंसान प्रकरण, लंबित अपराधों की विवेचना, वारंट और समंस तामीली की स्थिति सहित विभिन्न अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा लंबित मामलों का शीघ्र और निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गंभीर अपराधों की विवेचना में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान नारायणपुर पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा उनके विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित गश्त और वाहन चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की आवश्यकता बताई। एसपी ने थाना परिसर, मालखाना, ई-मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीवी प्रणाली, संचार व्यवस्था एवं अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जब्त संपत्तियों और सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव, नियमित प्रविष्टियों और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर बल दिया।

पुलिस अधीक्षक ने सामुदायिक पुलिसिंग और माड़ मैत्री अभियान के तहत संचालित जनसंपर्क कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीणों से नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में एसपी रोबिनसन गुडिय़ा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।