रीवा, 09 जून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा रीवा जिले में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत रीवा, मनगवां, सिरमौर, त्योंथर, सेमरिया और गुढ़ विधानसभा क्षेत्रों में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश दिया गया। विभिन्न कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने भाग लेकर नागरिकों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया।
मनगवां विधानसभा के ग्राम जोरौट में भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, जिला महामंत्री उमाशंकर पटेल, विवेक गौतम तथा मंडल अध्यक्ष अरुणेन्द्र मिश्रा ने पौधरोपण कर जनसंपर्क अभियान में सहभागिता की। वहीं, विंध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति ने त्योंथर विधानसभा क्षेत्र में, प्रदेश मंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा सीताराम साकेत ने सिरमौर विधानसभा के बैकुण्ठपुर में, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष महिला मोर्चा पूर्णिमा तिवारी ने गुढ़ विधानसभा के गोविंदगढ़ में तथा सांसद प्रतिनिधि राजेन्द्र यादव ने सेमरिया क्षेत्र में अभियान में भाग लिया।
रीवा विधानसभा के अटल मंडल में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता और नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी प्रबोध व्यास और अटल मंडल प्रभारी शरद साहू के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल वृक्षारोपण अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया।
अटल मंडल क्षेत्र में पीपल और बरगद के पौधों का रोपण करने के साथ स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गौरव पाण्डेय, मंडल महामंत्री श्रीकृष्ण गुप्ता, डॉ. सी.एल. रावत, पूर्व मंडल अध्यक्ष शेखर सचदेवा, मंडल उपाध्यक्ष दिलीप तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।