फतेहाबाद : नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल

Share

फतेहाबाद, 03 मई । महिला थाना फतेहाबाद पुलिस ने एक नाबालिग लडक़ी के साथ नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने और अश्लील फोटो के जरिए ब्लैकमेल करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। रविवार को महिला थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि पुलिस को एक नाबालिग लडक़ी की ओर से शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें आरोपी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया। पीडि़ता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि आरोपी पिछले काफी समय से उसका पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था। आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से उससे संपर्क किया और शारीरिक संबंध बनाने के लिए लगातार दबाव डालता रहा। शिकायत के अनुसार, आरोपी पीडि़ता को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया, जहां उसने उसे नशीला पदार्थ पिला दिया। पीडि़ता का आरोप है कि जब वह बेसुध हो गई, तो आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने पर मजबूर किया। पीडि़ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के पास उसकी कुछ अश्लील तस्वीरें थीं, जिन्हें वह सोशल मीडिया पर भेजकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था। वह इन तस्वीरों के जरिए पीडि़ता पर मानसिक दबाव बना रहा था और उसे डरा-धमका रहा था। इस मामले में अब पकड़े गए आरोपी की पहचान रवि निवासी फतेहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। महिला थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।