जबलपुर, 13 मई । जबलपुर लोकायुक्त की टीम ने सिवनी जिले में रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए विकासखंड शिक्षा कार्यालय धनौरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 अरुण कुमार कुमरे को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार सिरसाम, ग्राम छुई जिला सिवनी के निवासी हैं और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुनवारा, विकासखंड धनौरा में भृत्य के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले उनकी पदस्थापना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भीमगढ़, विकासखंड छपारा में थी, जहां उन्हें निलंबित कर दिया गया था।
बहाली के बाद 14 माह की निलंबन अवधि का करीब 1.65 लाख रुपये जीवन निर्वाह भत्ता स्वीकृत होना था। आरोप है कि उक्त राशि जारी करने के एवज में विकासखंड शिक्षा कार्यालय धनौरा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 अरुण कुमार कुमरे ने 32 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित ने मामले की शिकायत लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले से की। शिकायत के सत्यापन के बाद बुधवार को लोकायुक्त टीम ने विकासखंड शिक्षा कार्यालय धनौरा में ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी लिपिक को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक बृजमोहन नरवरिया सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।