प्रधानमंत्री जनमन की पहल के तहत आदिवासी समाज के जीवन स्तर काे किया जा रहा है बेहतर

Share

भाेपाल, 23 नवंबर । मध्य प्रदेश में जनजातीय गौरव केवल सांस्कृतिक आयोजनों और महापुरुषों के स्मरण तक सीमित नहीं है बल्कि पीएम जनमन की महत्वपूर्ण पहल के तहत उनके जीवन स्तर काे बेहतर किया जा रहा। इसके अंतर्गत आवास, सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। अब तक करीब डेढ़ लाख आवास पूरे हो चुके हैं। इसी तरह दाे हजार से अधिक किलोमीटर सड़कें स्वीकृत हुईं हैं और करीब पांच हजार गांवाें में से लगभग आधे गांवाें काे निर्धारित मानकों के अनुसार संतृप्त किया जा चुका है।

यह विकास उस समाज के अधिकारों और भविष्य से भी जुड़ी है, जिसकी बड़ी आबादी आज भी दूरस्थ वनांचलों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है। बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव सप्ताह इसी विरासत को याद करने के साथ जनजातीय समाज की वर्तमान स्थिति और विकास की जरूरतों पर विचार करने का अवसर भी है। प्रदेश में इस वर्ष 14 से 20 नवंबर तक विभिन्न स्थानों पर जनजातीय गौरव के कार्यक्रम आयोजित किए गए। जबलपुर, धार, अलीराजपुर, खंडवा और शहडोल सहित जनजातीय बहुल क्षेत्रों में हुए आयोजनों के जरिए संस्कृति, परंपरा और जनजातीय नायकों के योगदान को सामने रखा गया।

जनगणना 2011 के अनुसार मध्य प्रदेश में 1 करोड़ 53 लाख 16 हजार 784 अनुसूचित जनजाति के लोग हैं। यह प्रदेश की तत्कालीन आबादी का लगभग 21.1 प्रतिशत था। इनमें 77 लाख 19 हजार 404 पुरुष और 75 लाख 97 हजार 380 महिलाएं थीं (नई जनगणना के आंकड़े उपलब्ध नहीं होने से वर्तमान आबादी की आधिकारिक संख्या सामने नहीं है)। प्रदेश में भील, गोंड, बैगा, भारिया और सहरिया सहित कई जनजातीय समुदाय निवास करते हैं। बैगा, भारिया और सहरिया विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) में शामिल हैं। इनके कई परिवार ऐसे क्षेत्रों में रहते हैं, जहां सड़क, स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल और शिक्षा जैसी बुनियादी सेवाओं तक पहुंच अब भी बड़ी चुनौती है। इसलिए इनके लिए बनाई गई योजनाओं का असर केवल स्वीकृत बजट से नहीं, बल्कि गांव और परिवार तक पहुंची सुविधाओं से आंका जाना चाहिए।

विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के जीवन स्तर में सुधार के लिए प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान यानी पीएम जनमन महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत मध्य प्रदेश में आवास, सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी जैसी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है। 30 जून 2026 तक के सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में इस अभियान के तहत 1 लाख 89 हजार 574 आवास स्वीकृत किए गए, जिनमें से 1 लाख 45 हजार 251 पूरे हो चुके थे। इसी तरह 2,221.76 किलोमीटर सड़कें स्वीकृत हुईं, जिनमें 755 किलोमीटर का काम पूरा हुआ।

पेयजल के लिए शामिल 4,829 गांवों में से 2,409 निर्धारित मानकों के अनुसार संतृप्त किए जा चुके है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 66 मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं और 704 आंगनबाड़ी केंद्र काम कर रहे हैं। बिजली के लिए चिह्नित 30,216 घरों में से 26,164 का विद्युतीकरण पूरा हुआ। ये आंकड़े सुविधाओं के विस्तार के साथ शेष काम की चुनौती भी बताते हैं। यह अभियान पीवीटीजी समुदायों के लिए है, पूरे जनजातीय समाज के लिए नहीं।

जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत प्रदेश में 25 हजार 439 विद्यालय संचालित हैं, जहां करीब 20 लाख विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। इनमें 94 सांदीपनि विद्यालयों को बेहतर सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में करीब 3 लाख 40 हजार विद्यार्थियों को 458 करोड़ रुपये से अधिक की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति दी गई। शैक्षणिक संस्थाओं के लिए 4,485 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया भी चल रही है। वर्ष 2026-27 में छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए 986 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है।

दूरस्थ विद्यार्थियों की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रदेश में 2,671 छात्रावास और आश्रम संचालित हैं। इनमें करीब डेढ़ लाख विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था है, जिनमें 56 हजार 877 छात्राएं हैं। इनके संचालन के लिए 2026-27 में 1,024 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है। छात्रावासों में बालकों को 1,720 और बालिकाओं को 1,770 रुपये प्रतिमाह निर्वाह सहायता दी जा रही है। जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह का कहना है कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनजातीय अंचलों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे लाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। स्कूलों में आवश्यक संसाधनों का विस्तार, आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की उपलब्धता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि वे अपनी प्रतिभा और क्षमता के अनुरूप शिक्षा प्राप्त कर भविष्य में बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

जनजातीय समाज का जीवन जंगल और जमीन से जुड़ा है। वनाधिकार कानून के तहत व्यक्तिगत और सामुदायिक अधिकारों की मान्यता उसके सशक्तीकरण का महत्वपूर्ण आधार है। 31 अगस्त 2026 तक प्रदेश में 2 लाख 89 हजार 461 वनाधिकार पट्टे वितरित किए गए। इनमें 2 लाख 60 हजार 707 व्यक्तिगत और 28 हजार 754 सामुदायिक अधिकार पत्र शामिल हैं। ये अधिकार परिवारों के साथ ग्रामसभाओं और समुदायों के पारंपरिक उपयोग तथा प्रबंधन को भी मान्यता देते हैं। वहीं, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में प्रदेश के 51 जिलों के 267 विकासखंडों के 11 हजार 377 गांव शामिल हैं। इसके माध्यम से 18 लाख 58 हजार से अधिक जनजातीय परिवारों तक सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य है। वर्ष 2026-27 के लिए अभियान में 250 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान रखा गया है।

जनजातीय परिवारों की आर्थिक मजबूती के लिए स्थानीय संसाधनों पर आधारित रोजगार जरूरी है। महुआ, तेंदूपत्ता, शहद, लाख और अन्य लघु वनोपज की बेहतर कीमत, प्रसंस्करण और बाजार तक सीधी पहुंच से आय बढ़ सकती है। पीएम जनमन के तहत प्रदेश में 83 वन धन विकास केंद्रों में कारोबार शुरू किये गए है। इन्हें स्थानीय उत्पादों के संग्रहण और मूल्य संवर्धन से जोड़ना आजीविका के नए अवसर पैदा कर सकता है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कहना है कि संस्कृति से बड़ी कोई विरासत नहीं और स्वाभिमान से बड़ा कोई गौरव नहीं। बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज को अपनी सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों के लिए संगठित होने की प्रेरणा दी। यही विचार आज विकास की नीतियों के केंद्र में भी दिखाई देना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जनजातीय समाज के लिए विकास का अर्थ केवल योजनाओं का लाभ पहुंचाना नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और अपने पारंपरिक अधिकारों तक उसकी पहुंच सुनिश्चित करना है।

जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह का कहना है कि जनजातीय समाज का विकास केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि सभी का सामाजिक और नैतिक कर्तव्य है। इसके लिए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और विकास में समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है।