डीएम सावन कुमार ने सहयोग शिविर और FR रजिस्ट्रेशन कार्य की तैयारियों का लिया जायजा

Share

सुपौल, 13 मई । डीएम सावन कुमार ने बुधवार को सुपौल प्रखंड अंतर्गत घूरण पंचायत पहुंचकर आगामी 19 मई 2026 को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों, आवेदन प्राप्ति प्रक्रिया तथा FR रजिस्ट्रेशन की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में सभी विभागीय नोडल पदाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि शिविर में आने वाले लोगों के आवेदन समय पर प्राप्त हों और उनका निष्पादन पारदर्शी तरीके से किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक मामलों का मौके पर समाधान किया जाए।बैठक में FR रजिस्ट्रेशन कार्य की धीमी प्रगति पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए तथा रजिस्ट्रेशन कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सामुदायिक भवन भी पहुंचे, जहां मौजूद कुछ ग्रामीणों एवं फरियादियों ने अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। डीएम ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने सड़क, सामाजिक सुरक्षा योजना और अन्य स्थानीय समस्याओं से जुड़ी बातें जिलाधिकारी के सामने रखीं।

इस मौके पर कृष्णा कुमारी, संदीप कुमार, अमरेंद्र कुमार, पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया सहित कई विभागीय अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।