बारातियों को लेकर लौट रही पिकअप पलटा , दो की मौत

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 11 मई ।

पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के उंधन गांव के पास सोमवार तड़के एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बारात से लौट रही बारातियों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतकों की पहचान बारंगा गांव निवासी 12 वर्षीय रोहन गोप और गोपीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय दशरथ सरदार के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल लोगों में गोपीपुर गांव के सूरज महतो (22), शिशुपाल मोदी (26), राहुल गोप (20), बारंगा गांव के गोपी मोदी (18), सौरभ लोहार (16) तथा मेदासाई गांव निवासी सुरेश गोप (48) शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (जेएच-06सी/7345) बारंगा गांव से बारातियों को लेकर आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव गया था। शादी समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग देर रात वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन में बारातियों के साथ साउंड सिस्टम का सामान भी लदा हुआ था, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलने पर मनोहरपुर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर अत्यधिक भार हादसे की वजह मानी जा रही है।