देहरादून, 28 सितंबर । चीन के शंघाई में 22 से 27 सितंबर तक आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में उत्तराखंड के दो युवाओं ने देश के लिए रजत पदक जीतकर उत्तराखंड प्रदेश का नाम रोशन किया है। सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ वोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी कौशल विधा में रजत पदक हासिल किया है। प्रतियोगिता में भारत ने कुल छह रजत पदक और 20 मेडलियन फॉर एक्सीलेंस हासिल किए और 10वां स्थान प्राप्त किया।
आयोजकों के अनुसार यह वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। विश्वस्तरीय कौशल प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के युवा तकनीकी कौशल, दक्षता, नवाचार और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता में करीब 1,400 प्रतिभागियों ने 64 कौशल विधाओं में हिस्सा लिया।
सानिया जोशी और पार्थ वोहरा का चयन इंडिया स्किल्स 2025-26 की राज्य, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के जरिए हुआ। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग और उत्तराखंड कौशल विकास समिति (यूकेएसडीएस) की ओर से प्रदेश के युवाओं को विभिन्न कौशल विधाओं में प्रतिभाग करने के अवसर उपलब्ध कराए गए।