पलामू में चार आपराधिक कांडों का खुलासा, पारा शिक्षक सहित छह अपराधी गिरफ्तार

Share

पलामू, 09 मई । पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस ने अलग-अलग चार मामलों का उद्भेदन करते हुए एक पारा शिक्षक सहित छह अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस टीम ने 03 मई को सदर थाना क्षेत्र के सुआ गांव में लातेहार जिला बल के जवान पवन सिंह को गोली मारने के मामले में आरोपित चांदो चैनपुर के ऋषभ सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल 7.65 एमएम का देशी पिस्टल, मैगजीन और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद करते हुए उसे जेल भेज दिया है।

वहीं पिपराटांड थाना क्षेत्र के करमा गांव में 29 अप्रैल को हुए राजमनी पाठक हत्याकांड का भी पुलिस ने खुलासा करते हुए लुकूवा गांव के आरोपित बिरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डु सिंह को गिरफ्तार किया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी और थैला बरामद हुआ। जबकि लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र, कानबाली और नकदी लूट मामले में तीन आरोपित असतफाक आलम, मो इरफान उर्फ सोनू और नाजिल आलम गिरफ्तार किए गए।

साथ ही लूटे गये सामान, बाइक और मोबाइल भी बरामद किए गए। इसके अलावा चैनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 5 रुपये के विवाद में दुकानदार पर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपित सैफ खलीफा को भी पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

सभी मामलों में संबंधित क्षेत्र के एसडीपीओ के नेतृत्व में थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई की और कांडों का उदभेदन किया। एसपी ने घटना के कुछ दिन में ही वारदात का उदभेदन करने पर पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की बात कही।

पलामू प्रमंडल के लातेहार जिला पुलिस बल के जवान पवन सिंह को गोली मारने के मामले में पुलिस ने आरोपित पारा शिक्षक ऋषभ सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपित के घर से घटना में इस्तेमाल देशी पिस्टल 7.65 एमएम मैगजीन सहित बरामद किया गया।

वहीं आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बुलेट बाइक भी चैनपुर थाना क्षेत्र के बिरसानगर शाहपुर से जब्त की गई। पुलिस ने घटनास्थल से चश्मा और फायर किया गया खोखा भी बरामद किया है।

घटना को आपसी रंजिश में अंजाम दिया गया था। आरोपित ने घटना के बाद 06 मई को कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद आरोपित को शनिवार को न्यायालय में भेज दिया गया।

पलामू के पिपराटांड थाना क्षेत्र के करमा गांव में 29 अप्रैल को हुई राजमनी पाठक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में इसी थाना क्षेत्र के लुकूवा निवासी आरोपित बिरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डु सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

पूछताछ में आरोपित ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी और पीले रंग का थैला बरामद किया गया है।

वीरेंद्र कुमार सिंह राजमणि पाठक का करीबी था। घटना से एक दिन पहले राजमणि पाठक किसी दूसरे व्यक्ति के साथ जमीन विवाद होने के कारण अपनी जमीन की मापी कराने के लिए अमीन बुलाए थे।

वीरेंद्र को आशंका थी कि नापी के क्रम में 50 साल से कब्जा की गई जमीन का भेद खुल जाएगा।

ऐसे में उसने राजमणि पाठक की हत्या की योजना बनाई और गांजा पीने के बहाने राजमणि को घर से बाहर बुलाया और कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। इस संबंध में राजमणि की पत्नी ने नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अनुसंधान के क्रम में आरोपित को गिरफ्तार किया गया। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद की गई।

जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर नई मुहल्ला में पांच रुपये के विवाद में दुकानदार पर फायरिंग मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सैफ खलीफा को गिरफ्तार कर लिया है। एक अन्य आरोपित जानू उर्फ कइला फरार है। मुख्य आरोपित के पास से घटना में इस्तेमाल एक देशी कट्टा, एक खोखा और एक पिलेट बरामद किया गया है।

घटना के कुछ ही घंटे के भीतर आरोपित को हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया। फरार आरोपित की तलाश तेज की गयी है।

जिले के सतबरवा प्रखंड अंतर्गत लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में एक महिला से मंगलसूत्र, कानबाली और नकदी लूट मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना 07 मई की रात बोहिता गांव में हुई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों इटहे के 25 वर्षीय असतफाक आलम और 22 वर्षीय नाजिल आलम, गोपालगंज के 23 वर्षीय मो इरफान उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है।

उनकी निशानदेही पर लूटा गया मंगलसूत्र लॉकेट, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में मो इरफान के खिलाफ शहर थाना में एक, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में दो आपराधिक पहले से दर्ज हैं।

07 मई की रात चंदन देवी गोतिया में शादी समारोह से लौट रही थी। घर से कुछ दूर पहले बाइक सवार तीन अपराधियों ने महिला को रोककर मारपीट करते हुए लूटपाट की थी। गले से सोने का मंगलसूत्र, दो कानबाली और 500 रूपये नगद लूट ली थी। 24 घंटे के भीतर मामले का उदभेदन किया गया।