शिमला, 30 मई । हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण के तहत शनिवार को 1189 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी है। पहाड़ों में कई स्थानों पर खराब मौसम और बारिश के बावजूद मतदाताओं का उत्साह देखने को मिला। सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान में शुरुआती दो घंटों के भीतर सुबह नौ बजे तक करीब 20 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जबकि मतदान की रफ्तार लगातार बढ़ते हुए पूर्वान्ह 11 बजे तक 41 फीसदी से अधिक पहुंच गई। प्रदेश भर के मतदान केंद्रों पर महिलाओं, युवाओं और बुजुर्ग मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
गांवों में लोकतंत्र के इस उत्सव के बीच बारिश भी मतदाताओं का उत्साह कम नहीं कर सकी। शिमला, सोलन, कुल्लू और अन्य जिलों के कई क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे और कहीं-कहीं वर्षा भी हुई, लेकिन लोग छाते लेकर मतदान केंद्रों तक पहुंचे। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सुबह 11 बजे तक सबसे अधिक 49.28 फीसदी मतदान सिरमौर जिले में दर्ज किया गया। इसके बाद किन्नौर में 43.89 फीसदी, हमीरपुर में 42.99 फीसदी, शिमला में 42.91 फीसदी, ऊना में 42.54 फीसदी, सोलन में 42.24 फीसदी, लाहौल-स्पीति में 41.77 फीसदी, कुल्लू में 41.02 फीसदी, बिलासपुर में 38.94 फीसदी, कांगड़ा में 38.70 फीसदी, मंडी में 38.68 फीसदी और चम्बा में सबसे कम 38.03 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया। शुरुआती रुझान बता रहे हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
इस चुनाव के दौरान बुजुर्ग मतदाताओं ने भी लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। शिमला जिले में कई वरिष्ठ नागरिक मतदान केंद्रों तक पहुंचे। ग्राम पंचायत कोटी-02 लैलां के वार्ड नंबर-3 में 103 वर्षीय महिला बुजुर्ग मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं वार्ड नंबर-5 के 95 वर्षीय जोबन दास भी मतदान करने पहुंचे। इससे पहले सुबह शिमला जिले की ग्राम पंचायत खड़ाहण से एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई थी, जहां 101 वर्षीय पदम दास अपने परिवार की चार पीढ़ियों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे थे। उनके साथ 76 वर्षीय केवल राम, 47 वर्षीय महेंद्र सिंह और 24 वर्षीय दीपक मेहता ने भी वोट डाला। एक ही परिवार की चार पीढ़ियों का एक साथ मतदान करना ग्रामीण लोकतंत्र की मजबूत परंपरा की झलक माना जा रहा है।
प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में कराए जा रहे हैं और शनिवार को अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। मतदान शाम तीन बजे तक जारी रहेगा। इसके बाद प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति (बीडीसी) और जिला परिषद सदस्यों के नतीजे रविवार को घोषित होंगे। तीसरे चरण की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही प्रदेश की सभी 3754 ग्राम पंचायतों में चुनावी प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी और गांवों को अगले पांच वर्षों के लिए अपनी नई सरकार मिल जाएगी।
निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन ने संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। अधिकारियों को उम्मीद है कि पहले दो चरणों की तरह तीसरे चरण में भी मतदान प्रतिशत उल्लेखनीय रहेगा। पहले चरण में लगभग 79 फीसदी और दूसरे चरण में करीब 80 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था।