जींद, 02 मई । चमेला कालोनी नरवाना के पास बडऩपुर रोड पर सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने 12 ग्राम हेरोइन के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस नशा तस्करों से नशा नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। सीआईए प्रभारी उप निरीक्षक सुखदेव सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम मेला मंडी नरवाना में मौजूद थी। तभी सूचना मिली कि दो नशा तस्कर मोटरसाइकिल पर चमेला कालोनी नरवाना में हेरोइन खरीद कर बाईपास रोड की तरफ जाएंगे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने उच्च अधिकारियों को सूचना के बारे सूचित किया व तत्परता से कारवाई करते हुए ट्रैप लगाकर दोनों आरोपितों को काबू कर लिया। सीआईए टीम ने राजपत्रित अधिकारी कि हाजरी में दोनों आरोपितों की नियमानुसार तलाशी ली तो आरोपितों की पहनी पेंट की जेबों से कुल 12 ग्राम हीरोइन बरामद हुई । पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों की पहचान तारावती कालोनी सफीदों निवासी रवि व सोनू के रूप में हुई। दोनों सगे भाई हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ नशा तस्करी निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। सीआईए प्रभारी उप निरीक्षक सुखदेव सिंह ने कहा कि जींद पुलिस की आमजन से अपील है कि नशा तस्करी अथवा अन्य अपराध संबंधी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें ताकि समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास सफल हो सकें।