साइक्लोथॉन 2.0 यात्रा का कैथल में प्रवेश करने पर किया भव्य स्वागत
कैथल, 22 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी के आह्वान पर प्रदेश भर में ड्रग्स फ्री हरियाणा के संकल्प के साथ चल रही साइक्लोथॉन 2.0 (साइकिल यात्रा) ने मंगलवार सुबह कुरुक्षेत्र से चलकर जिले के गांव पबनावा में कैथल जिले की सीमा में प्रवेश किया। जहां पूंडरी विधायक सतपाल जांबा, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक गुर्जर, पबनावा गांव के सरपंच सहित भारी संख्या में एकत्रित गणमान्य लोगों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, युवाओं सहित क्षेत्र से आए लोगों ने फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया। जिला प्रशासन की ओर से एडीसी दीपक बाबू लाल करवा व आरटीए गिरीश कुमार ने यात्रा का अभिनंदन किया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे डॉ. अशोक वर्मा ने उपस्थित जनसमूह को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। यात्रा के दौरान हजारों साइकलिस्ट ने भाग लिया और नशे के खिलाफ आवाज बुलंद की। कई जगहों पर नशा न करने की शपथ के साथ लौटा नमक भी डलवाया गया।
विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेश को नशा मुक्त करने के लिए साइक्लोथॉन जैसी बड़ी मुहिम शुरु की है, जो अपने मूल उद्देश्य को सार्थक करते हुए आगे बढ़ रही है। जगह जगह यात्रा को पूरा जनसमर्थन मिल रहा है। हम मिलकर नशे के खिलाफ लड़ेंगे, जीतेंगे और नशे को जड़ से खत्म करेंगे और मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री हरियाणा के सपने का साकार करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें अपने बच्चों पर नजर रखनी चाहिए, क्योंकि नशा माफिया किसी को नहीं छोड़ता। उनके लिए पैसा ही सब कुछ है। किसी का परिवार उजड़े उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सैनी ने प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए यह पहल की है। जिसमें पूरा प्रदेश बढ़चढ़ कर भाग ले रहा है। यह यात्रा मुख्यमंत्री के नशा मुक्त हरियाणा मुहिम को सफल बनाने में अहम योगदान देगी। हमें मिलकर अपने हरियाणा को नशा मुक्त बनाना है। सभी इसमें अपना सहयोग दें। युवाओं से अपने जीवन की सकारात्मक ऊर्जा पर फोकस करने का आह्वान किया। अगर हमें अपनी अगली पीढ़ी के लिए अच्छा, स्वच्छ और नशामुक्ति माहौल देना है तो हम सब को इस आंदोलन में बढ़चढ़ कर भाग लेना होगा। गांव पबनावा में ब्लॉक समिति चेयरमैन ईश्वर साकरा, ग्राम पंचायत की ओर से सरपंच कश्मीर सिंह, सुरजीत सिंह, बलबीर सिंह, मियां सिंह, कृष्ण कुमार, विकास, राजकिशन ने युवाओं का स्वागत किया।
—————