मुरैना: गोलीबारी में एक की मौत, मुरैना-अम्बाह मार्ग 12 घंटे जाम, अरोपितों के घर जमीदोज

Share

04HREG128 मुरैना: गोलीबारी में एक की मौत, मुरैना-अम्बाह मार्ग 12 घंटे जाम, अरोपितों के घर जमीदोज

– आरोपी का मकान ढहने पर पोस्टमार्टम को लाया गया शव

मुरैना, 4 नवंबर (हि.स.)। गोलीबारी से हुई युवक की मौत के बाद पीडि़त परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिये नहीं आने दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुये प्रशासन के निर्देश पर दोनों गांवों में अत्यधिक पुलिस बल तैनात कर दिया। पीडि़तों ने रानपुर पर शव रखकर मुरैना-अम्बाह मार्ग को बीती रात से ही जाम कर दिया था। पीडि़तों की मांग पर मुख्य आरोपित का मकान ढहाने के बाद ही शव पोस्टमार्टम के लिये शनिवार दोपहर 12 बजे के बाद लाया गया। पुलिस ने 9 लोगों के विरुद्ध हत्या व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करते हुये एक संदिग्ध को पूछताछ के लिये हिरासत में लिया है। मृतक के घर सुरक्षा की दृष्टि से सशस्त्र पुलिस बल तैनात कर दिया है।

रानपुर गांव पर आक्रोशित परिजनों ने मृतक ऐंदल सिंह गुर्जर का शव रखकर मुरेना-अम्बाह मार्ग को बीती रात से जाम कर दिये जाने की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गये थे। पीडि़तों की मांग थी कि आरोपियों के घर ढहाये जाये। प्रशासन द्वारा इसकी जांच राजस्व अधिकारियों से कराई गई। जिसमें आरोपी श्यामू तोमर का भवन अवैध अतिक्रमण के तहत निर्मित पाया गया। इसकी जांच प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार पंचायत विभाग द्वारा पूर्व से कराई जा रही थी। कई बार नोटिस देने के बाद भी जबाव न मिलने पर यह कार्यवाही की गई है। आज सुबह एक सैकड़ा से अधिक पुलिस व प्रशासन के अधिकारी कचनौधा गांव पहुंचे। पुलिस बल को देखते हुये गांव के लोग अपने घरों में कैंद हो गये। पूरा गांव सुनसान दिखाई दे रहा था। पंचायत अधिकारियेां द्वारा दो जेसीबी लगाकर आरोपी श्यामू तोमर का घर पूरी तरह ढहा दिया। लगभग 4 घंटे की कार्यवाही के बाद प्रशासन व पुलिस का दल पंचायत अधिकारियों को अपने साथ सुरक्षित लेकर वापस आ गया।

विगत दिवस दिमनी थाना क्षेत्र के रथोल का पुरा निवासी ऐंदल सिंह गुर्जर तथा कचनौंधा निवासी श्यामू तोमर के मध्य विवाद हो गया था। ऐंदल का ट्रैक्टर चम्बल से रेत भरकर लाता था। उस पर बड़ा डेग लगा हुआ था। तेज आवाज में डेग बजने से उत्पन्न शोर को लेकर कचनौधा के युवकों से विवाद हुआ। यह विवाद देर रात गोलीबारी में बदल गया। श्यामू सहित लगभग 10-11 युवक रथोल का पुरा पहुंचे। जहां उनका सामना ऐंदल सिंह से हो गया। कुछ लोगों का दबी जुवान से कहना है कि लगभग आधा सैकड़ों से अधिक गोलियां दोनों तरफ से चलीं। इसमें ऐंदल सिंह की गोली लगने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही ऐंदल सिंह के परिजन मौके पर पहुंच गये। इसी बीच हमलावर वाहनों से भाग गये। युवक की मौत होने से आक्रोशित परिजन हाइवे पर आ गये और देर रात तक हगामा करते रहे। आज दोपहर बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक का अंतिम संस्कार किये जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं पंचायत अधिकारियों की सूचना पर कचनौंधा गांव पहुंचे पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मकान ढहने तक मौजूद रहे। अम्बाह जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती सुमनचक्र चौहान ने बताया कि पूर्व सूचना के बाद भी जबाव न दिये जाने के बाद यह कार्यवाही की गई है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि पीडि़तों की सूचना पर 9 ज्ञात, 2 अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की तीन दल लगाये गये हैं। साइवर की टीम भी सक्रिय कर दी है। शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

पीडि़तों को सांत्वना देने पहुंचे भाजपा नेता –

बीती रात गोलीबारी की घटना में मृत हुये ऐंदल सिंह गुर्जर के पिता-भाई सहित अन्य परिजनों को ढांढ़स बधाने के लिये भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष केदार सिंह यादव, पूर्व विधायक शिवमंगल सिंह तोमर, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत हमीर सिंह पटेल नाका, पूर्व अध्यक्ष कृषि उपज मण्डी समिति मुरैना वीरेन्द्र सिंह हर्षाना नाका, रामेश्वर सिंह गुर्जर एवं सिद्धार्थ गुर्जर सहित अन्यजन रथोल का पुरा पहुंचे। परिजनों को ढांढस बधाने के साथ ही पुलिस व प्रशासन से न्याय हेतु कार्यवाही की मांग भी की।