सिविल सर्जन ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद, पांच दिवसीय अभियान का शुभारंभ

Share

सीवान, 22 नवंबर । जिले में रविवार से पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गयी। सदर प्रखंड के पुरैना दलित बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने की। इस अवसर पर डीएम ने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। स्वास्थ्य विभाग ने 22 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के 4 लाख 16 हजार 704 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। टीकाकर्मियों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देने के साथ ही निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुसार उनकी जिम्मेदारियां तय कर दी गयी हैं। जिले में 5 लाख 39 हजार 970 घरों तक पहुंचने की कार्ययोजना बनायी गयी है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहे।

अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में कुल 1508 टीमें गठित की गयी हैं। इनमें 1306 हाउस-टू-हाउस टीमें, 147 ट्रांजिट टीमें, 35 मोबाइल टीमें और 20 वन-मैन टीमें शामिल हैं। इन टीमों के कामकाज की निगरानी के लिए 475 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गयी है। वहीं, वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण और वितरण के लिए 122 सब डिपो एवं डिपो निर्धारित किये गये हैं। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर भी विशेष टीकाकरण व्यवस्था रहेगी। इसके लिए ट्रांजिट टीमें तैनात की गयी हैं। ईंट-भट्ठों, बासा, दूर-दराज के इलाकों और प्रवासी परिवारों के बच्चों पर भी विशेष नजर रखी जायेगी। मोबाइल टीमें ऐसे स्थानों पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलायेंगी, जहां नियमित टीमों की पहुंच मुश्किल होती है। नवजात शिशुओं को भी अभियान में शामिल करने और उनके नाम नियमित टीकाकरण की ड्यू लिस्ट में दर्ज करने पर जोर दिया गया है। सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान के दौरान वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता और कोल्ड चेन व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। बच्चों की पहचान के लिए इंडेलिबल इंक मार्कर पेन का इस्तेमाल किया जायेगा।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, भले ही उन्हें पहले भी खुराक दी जा चुकी हो ।