प्रतापगढ़, 07 जून (हि.स.)। जनपद के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को चाकू की नोक पर युवक से तीस हजार रुपये की लूट की घटना को बदमाशों ने अंजाम दिया। लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र से लालगंज निवासी राहुल पुत्र संतराम मंगलवार को अपनी बहन के घर रमगढ़ा गया हुआ था। वहां से 30 हजार रुपये लेकर वह बाइक से वापस लौट रहा था। चिलावा गांव की सरोज बस्ती के पास बाइक सवार लोगों ने रोक लिया। उसके गले में चाकू लगाकर रुपये व मोबाइल छीनकर भाग निकले। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
थानाध्यक्ष आसपुर देवसरा संजय पांडेय ने बताया कि लूट की तहरीर दी गई है। पुलिस मौके पर जांच में जुटी है, जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।