भारतीय टैंकर ‘देश गरिमा’ ने सुरक्षित पार किया होर्मुज, 22 अप्रैल को पहुंचेगा मुंबई

Share

नई दिल्ली, 19 अप्रैल । पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच भारत के ध्वज वाले तेल के टैंकर ‘देश गरिमा’ ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित पार कर लिया है। इस जहाज के 22 अप्रैल को मुंबई पहुंचने की संभावना जताई गई है। इस जहाज पर 31 भारतीय नाविक सवार है।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने रविवार को जारी एक बयान में बताया कि भारतीय ध्वज वाले कच्चे तेल के टैंकर देश गरिमा ने 18 अप्रैल को होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित रूप से पार कर लिया है। इस जहाज में 31 भारतीय नाविक सवार है, इसके 22 अप्रैल को मुंबई पहुंचने की उम्मीद है।

मंत्रालय ने कहा कि भारतीय टैंकर ने इस तनाव-ग्रस्त जलमार्ग को ऐसे समय पार किया है, जब दो अन्य भारतीय जहाजों को गोलीबारी के बाद वापस लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा था। इसके बाद भारत ने वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता को ईरान के साथ साझा किया था।

पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटों में, दो भारतीय पोतों, वीएलसीसी समनार हेराड और बल्क कैरियर जग अर्नव, ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय गोलीबारी की घटना की सूचना दी, जिसके बाद वे फारस की खाड़ी में लौट आए। फिलहाल चालक दल के किसी भी सदस्य के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय ध्वज वाले जहाजों से जुड़ी गोलीबारी की घटना पर ईरान के राजदूत को तलब करके गहरी चिंता व्यक्त की थी।