अल्मोड़ा, 19 अप्रैल । रेखा आर्या ने रविवार को अल्मोड़ा के पड़ोलिया क्षेत्र में पिरूल आधारित बायोमास प्रोडक्शन यूनिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि यूनिट के स्थापित होने से आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि पिरूल एकत्रित कर उद्योगों को उपलब्ध कराने वाली महिलाओं के हितों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार पहले ही नीति बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से वनाग्नि की घटनाओं में कमी लाने में मदद मिलेगी, साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में उद्योगों को ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत भी उपलब्ध होंगे।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि यह महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और समाज में उनकी भागीदारी को और मजबूत करेगा।
कार्यक्रम में अनिल सिंह शाही, मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह राणा, प्लांट निदेशक बालम भाकुनी, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी और पवन भाकुनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।