इटावा: पेट्रोलियम पाइप लाइन से तेल चुराने वाले गिरोह के सात शातिर बदमाश गिरफ्तार

Share

इटावा,06 जून (हि.स.)। इटावा में थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत कानपुर से रेवाड़ी जा रही एचपीसीएल तेल कंपनी की भूमिगत पाइपलाइन में क्लैंप लगाकर तेल चोरी करने वाले गिरोह के सात शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से तेल चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों समेत मारुति वैन बरामद की है। गिरफ्तार सभी बदमाश इटावा, औरैया, मैनपुरी और कन्नौज जिले के निवासी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत सैफी गांव के पास से होकर गुजर रही रेवाड़ी से कानपुर एचपीसीएल कंपनी की भूमिगत पाइपलाइन में क्लैंप लगाकर तेल चोरी किए जाने की सूचना कंपनी के मैनेजर सुभाष चंद्र ने अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज करवाई थी। मुकदमा दर्ज करने के बाद थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम अज्ञात तेल चोरों की तलाश में जुट गई थी पुलिस की दोनों टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक/मैनुअल तरीकों से साक्ष्यों को इकट्ठा कर चोरों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए थे। इसी क्रम में बीती रविवार की रात को दोनों टीमें क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तेल पाइप लाइन से तेल चोरी करने वाले आठ से नौ लोग एक ओमिनी वैन गाड़ी में सवार में होकर अन्नैया नदी के पास बुटहर रोड पर भरथना ऊसराहार रोड से करीब सौ मीटर की दूरी पर सड़क किनारे किसी अन्य स्थान पर तेल पाइपलाइन से तेल चोरी करने की फिराक में खड़े है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए मुखबिर के द्वारा बताए हुए स्थान पर जाकर देखा, तो वहां पर एक ओमिनी वैन गाड़ी खड़ी थी जिसमें कुछ लोग सवार थे। सभी पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने आवश्यक बल का प्रयोग करते हुए घेराबंदी कार में सवार कुल नौ लोगों में से सात को पकड़ लिया। दो लोग अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। पुलिस टीम ने पकड़े हुए लोगों की और ओमिनी गाड़ी की तलाशी ली। गाड़ी की डिग्गी में रखे दो बंडल बेल्डिंग रॉड बरामद की।

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने बताया कि हम लोगो ने बीते 30 मई की रात को थाना भरथना क्षेत्र के सैफी गांव में हिंदुस्तान पेट्रोलियम की तेल पाइप लाइन से तेल चोरी करने की घटना को का किया है। पकड़े गए लोगों ने यह भी बताया कि तेल चोरी करते समय किसी के आने की आहट सुनाई देने पर हम लोग तेल चोरी में उपयोग होने वाले उपकरणों को वही पर झाड़ियों में छुपाकर भाग गए थे। जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से अन्य उपकरणों को भी बरामद कर लिया है।

एसएसपी जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार हुए सातों शातिर बदमाशों ने अपना नाम आकाश उर्फ अपाचे निवासी एरवा कटरा औरैया, आनंद शर्मा निवासी किशनी मैनपुरी, अंकुर उर्फ सीटू निवासी किशनी मैनपुरी, प्रदीप कुमार निवासी सौरिख कन्नौज, पंकज कुमार उर्फ पिंकू निवासी किशनी मैनपुरी,रिंकू निवासी एरवा कटरा औरैया और सनी निवासी जसवंतनगर इटावा बताया है। गिरफ्तार बदमाशो के पास से एक मिनी ट्रांसफार्मर, एक बेल्डिंग मशीन,तीन केबिल ट्रांसफार्मर तार, दो बंडल बेल्डिंग रॉड, एक सब्बल, एक फावड़ा और एक मारुति ओमिनी वैन गाड़ी बरामद की है। गिरफ्तार सभी बदमाशों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि तेल चोरी की घटना का खुलासा करने वाली थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम को पांच हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।