#Ghaziabad: गौरव और रॉबिन ने कहा, नहीं है महानगर अध्यक्ष की दौड़ में

Share

गाजियाबाद। भाजपा के युवा नेता रविंद्र तोमर और गौरव चोपड़ा को भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा था लेकिन ऐसे में दोनों ही युवा नेताओं ने बात करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि राजनीति में आगे बढ़ा जाए मगर युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष की दौड़ में यह दोनों ही नहीं है।

इस संबंध में वर्तमान युवा मोर्चा अध्यक्ष गौरव चोपड़ा ने कहा कि एक कक्षा में पढ़ने के बाद हर विद्यार्थी की इच्छा होती है कि वे अब अगली कक्षा में जाए, ऐसा ही उनके साथ भी है। युवा मोर्चा का महानगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने जी तोड़ मेहनत की। सभी साथियों का भी उन्हें भरपूर सहयोग और प्यार मिला। वे सभी के आभारी हैं लेकिन अब समय आ गया है कि राजनीति में आगे बढ़ा जाए। संगठन उन्हें जो जिम्मेदारी देगा वह सहर्ष स्वीकार करते हुए पूरी लगन के साथ निभाएंगे। समर्पित कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं पार्टी को देते रहेंगे।

वहीं, लखनऊ से फोन पर रॉबिन तोमर ने बताया कि उनकी इच्छा अब महानगर की राजनीति करने की नहीं है। इसके लिए वे लगातार मेहनत कर रहे हैं। महानगर में उन्होंने कई दायित्वों का निर्वहन किया है। सभी का स्नेह और सहयोग उन्हें लगातार मिलता रहा है। इन दिनों वह लखनऊ और मेरठ में मेहनत कर रहे हैं ताकि क्षेत्रीय राजनीति में वह अपना योगदान दे सकें। श्री तोमर ने कहा कि वह हमेशा ही एक कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए तन मन धन और प्रयत्न से लगे रहते हैं।