Ghaziabad : दरोगा की गोली से दरोगा की हत्या, पुलिस विभाग में शोक की लहर

Share
  • हत्या के बाद भाग रहा हत्यारोपी दरोगा नरेंद्र सिंह गिरफ्तार।

गाजियाबाद :- बुलंदशहर जिले के बीबी नगर थाने में तैनात दरोगा विजेंद्र सिंह की शुक्रवार देर रात दूसरे दरोगा साथी की सर्विस रिवॉल्वर से गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद आला अधिकारी मौके पर पहुंचे तो आरोपी दरोगा फरार हो गया। जिसे गाजियाबाद जिले की मसूरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार करने के बाद बुलंदशहर पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में बुलंदशहर पुलिस आरोपी दरोगा से पूछताछ करने के साथ आगे की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार मृतक दरोगा शुक्रवार देर रात अपने क्वार्टर पर ड्यूटी समाप्त करने के बाद सोने के लिए गए थे। वहीं उनके साथी दरोगा नरेंद्र की सर्विस रिवाल्वर से अचानक गोली चल गई, जो उनके पेट में लगी। इस घटना के बाद नरेंद्र लहूलुहान हालत में दरोगा विजेंद्र सिंह को अपनी निजी सेंट्रो कार से बीबी नगर के एक निजी हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मामले की सूचना मिलते ही बुलंदशहर एसएसपी संतोष कुमार सिंह व एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और छानबीन की। इस दौरान आरोपी दरोगा नरेंद्र मौके से फरार हो गया। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस को वायरस सेट पर सतर्क किया गया। इसके साथ ही आरोपी दरोगा के फरार होने की सूचना अन्य जिले की पुलिस को भी दी गई। इसी क्रम में मसूरी पुलिस ने आरोपी दरोगा को चेकिंग के दौरान पकड़ लिया। मसूरी थाने के कोतवाल उमेश पंवार ने बताया कि रात में पुलिस इंदरगढ़ी के निकट मुस्तैद थी। तभी आरोपी दरोगा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इसके बाद उसके पकड़े जाने की सूचना बुलंदशहर पुलिस को दी गई।

जानकारी मिलने पर बुलंदशहर पुलिस गाजियाबाद पहुंची और आरोपी दरोगा को हिरासत में लेकर बुलंदशहर लौट गई। बताया गया है कि मामले में आरोपी दरोगा से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मृतक दरोगा विजेंद्र सिंह गाजियाबाद जिले के मुरादनगर थाना क्षेत्र के गांव जलालाबाद के रहने वाले थे। बीवी नगर थाने में उसकी बीते वर्ष 22 जुलाई को तैनाती हुई थी। उनकी मौत के बाद जहां पुलिस विभाग में शोक की लहर है, वही परिजनों में कोहराम मचा है।