अभिनेता इरफान खान की मां सईदा बेगम का निधन, लॉकडाउन के चलते इरफ़ान ने ऐसे किये अंतिम दर्शन

Share

जयपुर :- टोंक के नवाबी खानदान से ताल्लुक रखने वाले फिल्म अभिनेता इरफान खान की मां सईदा बेगम का शनिवार को इंतकाल हो गया। वे 82 साल की थीं। मूल रूप से टोंक की रहने वाली सईदा बेगम और उनके पति ने इरफान खान के सिनेजगत में प्रवेश के बाद से ही जयपुर को अपना निवास स्थान बना लिया था। सईदा बेगम एक शायरा के तौर पर भी अपनी पहचान रखती थीं।

सईदा बेगम की तबीयत काफी दिनों से ठीक नहीं थी। उन्होंने शनिवार को जयपुर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सुनते ही टोंक में रहने वाले उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। इरफान खान मुंबई में हैं। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मां के अंतिम दर्शन किए। मां से कुछ दिन पहले ही उन्होंने उनकी सेहत की जानकारी ली थी।

सईदा बेगम के तीन बेटे सलमान, इमरान और इरफान हैं। खुद इरफान खान लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। इरफान के छोटे भाई सलमान खान ने बताया कि मां वैसे तो स्वस्थ थीं, लेकिन शनिवार सुबह उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने कर्बला मोड़ रामगढ़ रोड स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। उन्हें चुंगी नाका के पास कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया जाएगा। इस दौरान परिवार के कुछ ही सदस्य मौजूद रहेंगे।