धनतेरस के लिए सजे बाजार,70 शोरूमों पर दो हजार से ज्यादा दो पहिया वाहनों की बुकिंग
-धनतेरस पर लेंगे डिलीवरी, कई सौ करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद
गाजियाबाद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। धनतेरस मंगलवार को है। इसकी तैयारी में महानगर के बाजार पूरी तरह से सजकर तैयार हैं। पूरे शहर की बात करें तो दो हजार से ज्यादा मोटरसाइकिल, स्कूटी व अन्य दो पहिया वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। वाहनों की डिलीवरी ग्राहक धनतेरस पर लेंगे। वाहन कम्पनियों व डीलर्स ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिये विभिन्न आफर व अन्य इनामी स्कीम लागू कर रखी है।
यूं तो दिल्ली से सटे गाजियाबाद में इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल्स, बर्तन और सराफा बाजार सज गए हैं। इस बार कारोबारियों की पिछले वर्ष की अपेक्षा बेहतर कारोबार होने की उम्मीद है। ज्वेलरी के साथ ही वाहनों की भी बुकिंग खूब हो रही है। गाजियाबाद में सभी कम्पनियों के दो पहिया वाहनों के करीब 70 शोरूम हैं।
राकेश मार्ग स्थित जेकेएलएम होंडा शोरूम के संचालक योगेश सलूजा बताते हैं कि इस बार लोगों में टू व्हीलर खरीदने की रुचि खूब दिख रही है। यही कारण है कि लगभग शहर के सभी शोरूम में 2000 दो पहिया वाहन से ज्यादा की बुकिंग हो चुकी है। अब तो शोरूम से संचालकों की जिम्मेदारी है कि वह बुकिंग के हिसाब से धनतेरस के दिन इनकी आपूर्ति करें।
उन्होंने बताया कि विभिन्न कंपनियां अपने हिसाब से ग्राहकों को त्योहार के मद्दे नजर छूट में अन्य उपहार भी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बाइक व स्कूटी पर एश्योर गिफ्ट दिया जा रहा है। उन्हें बताया कि होंडा के शाइन मॉडल पर 10 साल के वारंटी फ्री दी जा रही है। 1 साल का मेंटेनेंस फ्री दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सौ सीसी से लेकर 750 सीसी तक की बाइक इस समय बाजार में उपलब्ध हैं। 100 से 200सीसी तक की बाइक राकेश मार्ग शोरूम पर हैं। 200 से 750 सीसी क्षमता वाली बाइक सेंट्रल शोरूम मेरठ रोड पर मिल रही है। उन्होंने बताया कि इस मौके का हर जाति धर्म के लोग लाभ उठाते हैं। यही कारण है कि दीपावली के शुभ अवसर पर वाहनों की खूब बिक्री होती है।
—————