हल्द्वानी, 11 मई । नैनीताल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सोमवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन हल्द्वानी की विभिन्न शाखाओं का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी ने साइबर सेल और फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट को ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और रिकवरी रेट बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भ्रामक सूचनाओं पर पैनी नजर रखते हुए सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी मॉनिटरिंग जारी रखने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान साइबर सेल,डीसीआरबी, शिकायत प्रकोष्ठ, फाइनेंशियल फ्रॉड यूनिट, टेक्निकल सेल, सूचना सेल, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल, मोबाइल ऐप, सिटी कंट्रोल रूम, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और सीसीटीवी यूनिट में संचालित तकनीकी संसाधनों और उनके क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई।
शिकायत प्रकोष्ठ और मोबाइल ऐप की समीक्षा करते हुए आम जनता से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण और मोबाइल रिकवरी बढ़ाने पर जोर दिया गया। सिटी कंट्रोल रूम एवं सीसीटीवी यूनिट में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की भी जांच की गई और सिस्टम को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न पोर्टल और सॉफ्टवेयरों में ऑनलाइन प्रविष्टियों की स्थिति भी परखी गई। संबंधित प्रभारियों को सभी रिकॉर्ड और डेटा को अद्यतन रखने तथा जनसुविधा से जुड़ी सूचनाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीसीआरबी में अपराध अभिलेख, गुमशुदगी रजिस्टर और ऑनलाइन सॉफ्टवेयरों का निरीक्षण किया गया, जबकि पुलिस अधीक्षक कार्यालयों में पत्रावलियों और विशेष अपराध रजिस्टरों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए, फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार रखा जाए और आधुनिक तकनीक के अधिकतम उपयोग से पुलिसिंग को स्मार्ट एवं पारदर्शी बनाया जाए।
इस दौरान डॉ. जगदीश चंद्र, मनोज कुमार कत्याल, रेवाधर मठपाल, अमित कुमार सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।