नोएडा, 12 मई । उत्तर प्रदेश के गाैतमबुद्ध नगर जिले में थाना ईकोटेक तीन क्षेत्र के जलपुरा गांव में ब्याही एक महिला की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उसके परिजनों ने उसके ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना ईकोटेक- 3 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रिया (25) की दाे वर्ष पूर्व उपेंद्र से शादी हुई थी। वह जलपुरा गांव में अपने पति के साथ रहती थी। उन्होंने बताया कि बीती रात को प्रिया की छत से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस मामले में उनके मायके वालों ने उनके पति पर आरोप लगाया है कि दहेज के लिए उन्होंने उसकी हत्या की है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपित पति को आज गिरफ्तार कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है।