बंगाल टी20 लीग में मोहम्मद शमी की एंट्री, सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स ने बनाई मजबूत टीम

Share

कोलकाता, 11 मई । बंगाल टी20 लीग के आगामी सत्र के लिए हाल ही में हुए पुरुष खिलाड़ियों की नीलामी में सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स ने भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को अपनी टीम में शामिल कर बड़ा दांव खेला है। इसके साथ ही टीम ने अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का संतुलित संयोजन तैयार करते हुए अपनी पूरी टीम को अंतिम रूप दे दिया है।

नीलामी में सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स ने ऑलराउंडर करण लाल को भी अपनी टीम में शामिल किया। फ्रेंचाइजी ने घरेलू क्रिकेट के कई प्रमुख खिलाड़ियों के लिए जोरदार बोली लगाई और मजबूत टीम बनाने पर फोकस रखा।

मोहम्मद शमी के अलावा बंगाल के तेज गेंदबाज ईशान पोरेल को भी टीम में जगह मिली है। वहीं भारत और बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप एक बार फिर टीम का हिस्सा बने हैं। वह पहले सत्र से ही इस फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए हैं।

सर्वोटेक स्पोर्ट्स के निदेशक ऋषभ भाटिया ने फ्रेंचाइजी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा, “हम नीलामी में अपनी रणनीति से बेहद संतुष्ट हैं। हमारा लक्ष्य ऐसी मजबूत और संतुलित टीम तैयार करना था, जिसमें अनुभव, शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी और युवा प्रतिभाएं शामिल हों। मोहम्मद शमी, करण लाल और ईशान पोरेल जैसे खिलाड़ियों के आने से टीम को काफी मजबूती मिली है।”

टीम रणनीतिकार चैतन्य नंदा ने कहा, “हम स्पष्ट योजना के साथ नीलामी में उतरे थे। हमारा फोकस ऐसे खिलाड़ियों पर था जो टूर्नामेंट की अलग-अलग परिस्थितियों में प्रभाव छोड़ सकें। हमें भरोसा है कि टीम आगामी चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार है।”

बंगाल टी20 लीग की नीलामी में ए+, ए, बी, अंडर-19 और अंडर-16 वर्गों के खिलाड़ियों को शामिल किया गया। लीग का उद्देश्य बंगाल के क्रिकेट ढांचे को मजबूत करना और युवा प्रतिभाओं को बड़ा मंच देना है।

सर्वोटेक सिलीगुड़ी स्ट्राइकर्स की पूरी टीम

शिवम भारती, प्रमोद चंदीला, कौशिक मैती, बादल सिंह बलियान, आकाश दास, आदित्य सिंह, शशि शंकर सिंह, ईशान पोरेल, आकाश दीप, विशाल भाटी, मोहम्मद शमी, करण लाल, सुदीप चटर्जी, अभिषेक बोस, स्नेहाशीष साहा और गीत पुरी।