23HREG279 हमीरपुर में 42 फीट रावण के पुतले का मंगलवार को होगा दहन
हमीरपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। इस वर्ष दशहरे में रावण का कद बढ़ा हुआ नजर आएगा। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 5 फीट ऊंचा रावण का पुतला परेड मैदान में लगाया जाएगा। मंगलवार को रात 12 बजे दहन होगा। रावण के साथ मेघनाथ के पुतले का भी दहन किया जाएगा। इसकी तैयारियों में नगर पालिका प्रशासन जुटा हुआ है।
हमीरपुर स्थित परेड ग्राउंड में दशहरे का मेला आयोजित किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने बताया कि पिछले वर्ष 37 फीट के रावण व 35 फीट के मेघनाथ के पुतले का दहन हुआ था। इस वर्ष 42 फीट का रावण और 35 फीट के मेघनाथ के पुतले का दहन मंगलवार को रात 12 बजे परेड ग्राउंड में किया जाएगा।
मेले में विभिन्न प्रकार की दुकान लगेगी। इसके साथ ही बच्चों के लिए झूले और विभिन्न प्रकार के खिलौने की भी दुकानें सजेंगी। ग्राउंड में प्रकाश व्यवस्था के लिए हाई मास्ट लाइटें लगवाई गई हैं। सीसी टीवी कैमरे भी निगरानी के लिए लगे हैं। उन्होंने बतायाउ कि कानपुर के इकबाल द्वारा रावण व मेघनाथ का पुतला तैयार किया गया है। आतिशबाजी भी लगाई जाएगी। रात में 12 बजे इन दोनों पुतलों का दहन होगा। दहन के बाद आतिशबाजी से आसमान गूंजेगा।
हाथी दरवाजा से निकलेगी रामरथ यात्रा
परेड मैदान में रावण व मेघनाथ का पुतला दहन करने के लिए राम लक्ष्मण व वीर हनुमान की झांकी सजाई जाएगी। यह राम रथ यात्रा मुख्यालय के हाथी दरवाजा से निकलेगी जो शहर मे भ्रमण के बाद परेड आएगी। जहां पर राम के रूप में सजे कलाकार के द्वारा रावण व मेघनाथ के पुतले का दहन किया जाएगा।