03HCRI42 मऊरानीपुर खंड विकास कार्यालय बना अखाड़ा, बीडीओ व युवक आपस में भिड़े
– बोरिंग की अनुमति न मिलने के चलते दस्तावेज फाड़ने का भी आरोप
झांसी,03 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की सबसे बड़ी तहसील मऊरानीपुर के खंड विकास कार्यालय में खंड विकास अधिकारी के साथ एक युवक ने कार्यालय में घुसकर अभद्रता कर दी। वीडीओ ने सरकारी कार्य में बाधा डालने व दस्तावेज फाड़ देने का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की है। तो दूसरी ओर आरोपित युवक द्वारा भी बीडीओ के खिलाफ प्रार्थना पत्र देते हुए गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मऊरानीपुर खंड विकास के बीडीओ गणेश कुमार वर्मा ने कोतवाली प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह दोपहर के समय ब्लॉक के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विकास कार्य की समीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक आया और अभद्रता करने लगा। अधिकारियों को गाली गलौज की। इसका खंड विकास अधिकारी गणेश कुमार वर्मा द्वारा विरोध किया तो उक्त युवक ने बोरिंग संबंधी दस्तावेज फाड़ दिए। इसके अलावा खंड विकास अधिकारी से मारपीट करने का भी प्रयास किया। इस घटना की सूचना बीडीओ द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। बीडीओ ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग की है। दूसरी ओर उक्त युवक ने भी कोतवाली प्रभारी को प्रार्थना देते हुए खंड विकास अधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाए है।