स्वरूपरानी के निरीक्षण में मिला अवैध अपंजीकृत ऑर्थोपेडिक क्लीनिक

Share

03HREG389 स्वरूपरानी के निरीक्षण में मिला अवैध अपंजीकृत ऑर्थोपेडिक क्लीनिक

प्रयागराज, 03 मार्च (हि.स.)। विगत दिनों महाकुंभ 2025 के दृष्टिगत मुख्य सचिव के शीर्ष समिति की द्वितीय बैठक में मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से सम्बंधित परियोजनाओं का पुनः परीक्षण पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये थे। जिसके क्रम में आज मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय तथा मनोहर दास नेत्र चिकित्सालय का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित परियोजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी ली।

उन्होंने स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय जाकर वहां विभिन्न कार्यों का निरीक्षण किया तथा भूमि एवं डिजाइन सम्बंधित तकनीकी जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यकतानुसार सभी प्रस्तावित कार्यों का तकनीकी परीक्षण कराने के पश्चात ही प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान मंडलायुक्त ने रोगियों एवं उनके परिजनों हेतु बनाई गई किचन में जाकर वहां बनाए गए भोजन को स्वयं टेस्ट किया तथा खाने को और बेहतर करने के निर्देश दिए। किचन हेतु बनाए गए भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वहां अव्यवस्थित रूप से रखे गए सामान पर खासी नाराजगी व्यक्त की तथा अधिकारियों को साफ-सफाई करा कर उनका बेहतर उपयोग करने को कहा। इसी दौरान परिसर के पीछे गोबर गली में अवैध रूप से अपंजीकृत ऑर्थोपेडिक क्लीनिक संचालित पाए जाने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। अधिकारियों द्वारा क्लीनिक संचालक से पंजीकरण के कागजात मांगे जाने पर पेपर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। जिस पर मंडलायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उसके खिलाफ विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।

परिसर में कई जगह नालियों में जलजमाव, अत्यधिक गंदगी एवं मच्छरों का लारवा पाए जाने पर मंडलायुक्त ने खासी नाराजगी व्यक्त की तथा सफाई व्यवस्था को और चुस्त दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसी भी परिस्थिति में बायो मेडिकल वेस्ट को चिकित्सालय से निकले अन्य कूड़े में ना डालने के निर्देश दिए तथा सफाई व्यवस्था हेतु लगाई गई कार्यदाई संस्था के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने को कहा।

बर्न वार्ड के विस्तार हेतु एसआरएन परिसर में नवनिर्मित भवन का भी निरीक्षण किया तथा उसे अतिशीघ्र संचालित कराने के सभी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भवन की कैपेसिटी अधिक होने के दृष्टिगत उसे प्लास्टिक सर्जरी के केसेस हेतु भी प्रयोग में लाने का सुझाव दिया।

तत्पश्चात मंडलायुक्त ने मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रस्तावित अतिथि गृह, न्यू स्पोर्ट कंपलेक्स एवं जिम्नेशियम तथा प्रीतमदास प्रेक्षाग्रह के जीर्णोद्धार आदि कार्यों के दृष्टिगत निरीक्षण किया तथा प्रस्तावित लेआउट पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मनोहर दास नेत्र चिकित्सालय में प्रस्तावित पंजीकरण काउंटर एवं प्रतीक्षालय तथा भर्ती मरीजों के भोजन हेतु आधुनिक किचन बनाने के लिए चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया तथा सम्बंधित अधिकारियों को एक कार्य योजना बनाकर प्रस्तुत करने को कहा।