वैशाली में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लिया जायजा

Share

पटना, 04 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश के अध्यक्ष संजय सरावगी बुधवार को वैशाली पहुंचे। यहां उन्होंने जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन एवं कार्यक्रम को लेकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली और विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर की जा रही कार्रवाई को समझा।

उन्होंने आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित कार्यक्रम बिहार के लिए महत्वपूर्ण है। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश और बिहार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम से क्षेत्र में विकास और जनकल्याण के प्रति नई ऊर्जा का संचार होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे सभी संबंधित लोगों से पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

इस मौके पर भाजपा के विधायक अवधेश सिंह, संजय सिंह, जदयू के सिद्धार्थ पटेल भी उपस्थित रहे।