सिरसा: चार नशा तस्करों की संपत्ति फ्रीज

Share

सिरसा, 04 नवंबर । जिला पुलिस ने चार तस्करों की लाखों रुपए की संपत्ति फ्रीज की है। पुलिस की ओर से फ्रीज करवाई गई संपत्ति में एक ट्रक और दो कारें व बाइक शामिल हैं। एसपी दीपक सहारण ने बुधवार को बताया कि जिला के तलवाड़ा खुर्द निवासी मनदीप सिंह के खिलाफ ऐलनाबाद थाना में दो क्विंटल से अधिक चूरापोस्त बरामदगी का मामला दर्ज हुआ था। वहीं गांव बणी के निवासी कर्मजीत सिंह के खिलाफ रानियां और ऐलनाबाद थाना में नशा तस्करी के पांच मामले दर्ज हैं।

इसके अलावा गांव चौटाला निवासी भूपेंद्र सिंह के खिलाफ भी ऐलनाबाद थाना में नशा तस्करी के पांच मामले दर्ज हैं जबकि शहर सिरसा निवासी ओमप्रकाश के खिलाफ थाना शहर सिरसा में नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज होने पाए गए हैं। चारों आरोपी पेशेवर नशा तस्कर है, जो युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों की संपत्ति का ब्यौरा जुटाकर नियमानुसार फ्रीज करने की कार्रवाई की गई है। नशीले पदार्थों की तस्करी से संपत्ति अर्जित करने के आरोपों को लेकर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया अपनाई है। एसपी ने बताया कि संपत्ति का पूरा रिकॉर्ड जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं राजस्व विभाग, दिल्ली को भेजा गया था। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम के तहत संबंधित संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हुए हैं।