गोविंददेवजी के दर्शन कर पदयात्रा में शामिल होंगे अश्विनी वैष्णव

Share

जयपुर, 04 नवंबर । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस के आरोपों और कथित दुष्प्रचार के विरोध में भाजपा 5 नवंबर को जयपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालेगी। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव पदयात्रा में शामिल होने से पहले आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद रामलीला मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे। सभा के बाद रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

कार्यक्रम संयोजक सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि सभा में अश्विनी वैष्णव मुख्य वक्ता होंगे। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश प्रभारी एवं सांसद संजय भाटिया, संगठन महामंत्री अजेय कुमार, राष्ट्रीय महामंत्री सतीश पूनिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

मंजू शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाकर चुनाव प्रक्रिया के प्रति अविश्वास का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय बनाने की प्रक्रिया है। भाजपा इस आयोजन के जरिए अपना पक्ष जनता तक पहुंचाएगी और कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी।

भाजपा ने पदयात्रा का मार्ग तय करते समय दीपावली के खरीदारी सीजन और परकोटे के बाजारों की व्यावसायिक गतिविधियों का ध्यान रखा है। त्योहार के चलते बाजारों में भीड़ और यातायात का दबाव रहने की संभावना को देखते हुए लंबा मार्च करने के बजाय रामलीला मैदान से त्रिपोलिया गेट तक सांकेतिक पदयात्रा निकाली जाएगी। पार्टी का प्रयास है कि आयोजन का संदेश भी पहुंचे और व्यापारियों तथा आमजन को कम से कम परेशानी हो।

कार्यक्रम से पहले सांसद मंजू शर्मा ने वरिष्ठ पदाधिकारियों और नेताओं के साथ रामलीला मैदान पहुंचकर तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।