नाबालिगों की गुमशुदगी के मामलों में हरियाणा पुलिस बनाएगी विशेष टीमें, डीजीपी ने दिए निर्देश

Share

चंडीगढ़, 04 नवंबर । हरियाणा में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों की गुमशुदगी के मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने नई रणनीति अपनाने का फैसला किया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय सिंघल ने बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक में निर्देश दिए कि नाबालिगों, विशेषकर लड़कियों की गुमशुदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित थाना क्षेत्रों में विशेष टीमें गठित की जाएं।

बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चियों सहित गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। साथ ही, उनकी शीघ्र तलाश और सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की जाए।

पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश में अपराध नियंत्रण, अपराध के आंकड़ों के विश्लेषण, थाना स्तर पर अपराध की प्रवृत्तियों की पहचान, कानून-व्यवस्था की स्थिति और अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

डीजीपी ने कहा कि विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों के धरना-प्रदर्शनों के कारण कई बार कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस अधीक्षक योजनाबद्ध तरीके से काम करें और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिस बल हर स्तर पर आवश्यक संसाधनों और उपकरणों से लैस रहे।

डीजीपी ने सभी पुलिस अधीक्षकों को जिलों में धरना-प्रदर्शनों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं का विश्लेषण कर उनके कारणों की पहचान करने तथा भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने को कहा। उन्होंने हत्या, डकैती सहित अन्य अपराधों में वृद्धि के कारणों का गहन विश्लेषण करने के भी निर्देश दिए।

डीजीपी ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष के पहले 10 महीनों में प्रदेश में कुल अपराधों में 9.41 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। हालांकि, उन्होंने थाना स्तर पर अपराध की नियमित समीक्षा और निगरानी जारी रखने पर जोर दिया।

डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि हरियाणा पुलिस एटीएम मशीनों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए विशेष कदम उठा रही है। अब यदि कोई व्यक्ति एटीएम मशीन से छेड़छाड़ करता है या उसे उखाड़ने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना सीधे डायल 112 हेल्पलाइन पर पहुंचेगी। इससे पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सकेगी।

उन्होंने अधिकारियों को एटीएम चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एटीएम के माध्यम से होने वाले साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों के आंकड़ों का विश्लेषण कर उनकी रोकथाम के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर भी जोर दिया।