जेएनयू प्रकरण के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने किया प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला दहन

Share

मणिपुर से कांग्रेस सांसद डॉ. आंगोमचा बिमोल अकोइजाम से जुड़े जेएनयू प्रकरण के विरोध में सोमवार संध्या को जिला मुख्यालय स्थित चांदनी चौक पर भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में कांग्रेस के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन एवं राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन की अगुवाई भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी सिंह ने की। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जेएनयू में महिला विद्यार्थियों के साथ कथित यौन दुर्व्यवहार के मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित आरोपों की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपित सांसद को कांग्रेस पार्टी से निष्कासित करने की मांग उठाई। इस दौरान यौन शोषण करने वाले कांग्रेस सांसद को पार्टी से बाहर करो सहित विभिन्न नारों से चांदनी चौक गूंज उठा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण नहीं होना चाहिए। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर सच्चाई सामने लाना आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से इस प्रकरण पर स्पष्ट रुख अपनाने और उचित कार्रवाई करने की मांग की।

इस विरोध-प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा, जिला उपाध्यक्ष किरण कुमारी, जिला मंत्री सुष्मिता ठाकुर एवं कनकलता झा, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष विमला देवी,महिला मोर्चा जिला महामंत्री नम्रता सिंह,नगर अध्यक्ष संजय कुमार अकेला, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवीन कुमार यादव, नगर प्रभारी विजय कुमार भगत, जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, जिला कार्यालय मंत्री नीरज कुमार, पूर्व नगर अध्यक्ष विजय जैन सहित दिनेश भगत, अनिल मंडल, सतीश कुमार, दुलाल कुमार सहित अन्य दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।