खूंटी, 12 अक्टूबर । एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी और खूंटी जिले की गौरव निक्की प्रधान को सोमवार को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। उनके सम्मान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक से समाहरणालय तक रोड शो निकाला गया। इस दौरान स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
समाहरणालय सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश ने निक्की प्रधान, उनके माता-पिता और उनके शुरुआती कोच दशरथ महतो को स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में खूंटी जिला हॉकी के अध्यक्ष अशोक भगत भी उपस्थित थे।
रोड शो के दौरान बिरसा कॉलेज परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद बाजारटांड़ में जयपाल सिंह मुंडा की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस आयोजन के जरिए जिले की खेल प्रतिभा को सम्मान देने के साथ झारखंड के महापुरुषों के योगदान को भी याद किया गया।
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कहा कि निक्की प्रधान की उपलब्धि देश, राज्य और जिले के लिए गौरव की बात है। उनकी सफलता जिले के बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में अलग-अलग प्रतिभाएं होती हैं। अभिभावकों, शिक्षकों और समाज की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों की रुचि को पहचानें और उन्हें उचित मार्गदर्शन के साथ आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराएं। उपायुक्त ने निक्की प्रधान से उभरते खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा करने का भी आग्रह किया।
