मंडी, 16 सितंबर । एचपीपीसीबी की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दभाड़ा, तहसील बल्ह, जिला मंडी के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस मनाया गया। इस वर्ष दिवस का विषय ग्लोबल एक्शन फॉर ए कूलर प्लेने रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, इसके क्षरण के कारणों तथा संरक्षण के उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी एवं क्षेत्रीय प्रयोगशाला एचपीपीसीबी सुंदरनगर के प्रभारी चमन लाल उपस्थित रहे।
वैज्ञानिक अधिकारी अनिता कौर ने विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व, इसके क्षरण के कारणों और रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल तथा किगाली संशोधन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी शबनम रंगड़ा ने विद्यार्थियों के साथ संवादात्मक जागरूकता सत्र आयोजित किया।
विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में 3 आर—रिड्यूस, रियूज़ और रिसायकल अपनाने के साथ पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ओजोन परत संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता विषय पर पोस्टर, स्लोगन और मॉडल प्रदर्शित कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने एचपीपीसीबी टीम का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण संबंधी अच्छी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ओजोन परत एवं पर्यावरण का संरक्षण एक दिन का प्रयास नहीं, बल्कि सभी की निरंतर जिम्मेदारी है।