दोस्तों के साथ घूमने गए युवक की मदन सागर में डूबने से मौत

Share

महोबा, 06 अगस्त । यूपी के महोबा जनपद मुख्यालय में दोस्तों के साथ घूमने निकले युवक की मदन सागर सरोवर में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। सरोवर में जलकुंभी अधिक होने के कारण घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार देर रात युवक का शव बरामद हुआ। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

जनपद मुख्यालय निवासी घनश्याम साहू का बेटा चंद्रपाल साहू उर्फ चंदू (31) बुधवार की शाम अपने साथी धर्मेंद्र और विकास के साथ रिमझिम बारिश और सुहाने मौसम का लुत्फ उठाने के लिए घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह मदन सागर सरोवर में छोटी चंद्रिका देवी और बड़ी चंद्रिका देवी मंदिर को जोड़ने वाले पुल पर दोस्तों के साथ बैठा था, जहां उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तालाब में गिर गया। जिसे बचाने के लिए साथी धर्मेंद्र भी तालाब में कूंद गया। और दोनों पानी में गोता खाने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत कर धर्मेंद्र को तो पानी से बाहर निकाल लिया लेकिन चंदू सरोवर में गहरे पानी में समा गया और जलकुंभी में फंसकर बाहर नहीं निकल सका।

घटना की सूचना पर सदर एसडीएम शिवध्यान पाण्डेय, सदर क्षेत्राधिकारी रविकांत गौड़ ने घटनास्थल पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन घंटों तक उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। देर रात तालाब से युवक का शव बरामद हुआ। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतक की दो संतान हैं।

गल्ला व्यापारी भूपेंद्र साहू ने बताया कि बुधवार को बारिश होने के कारण गल्ले का व्यापार ठप था, जिस कारण चंदू अपने दोस्तों के साथ घूमने चला गया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

गुरुवार को सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।