गहन विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू, उपायुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण - सरस जनवाद

गहन विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू, उपायुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

Share

पलामू, 30 जून । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में गहन विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के तहत मंगलवार से गणना चरण (एन्यूमरेशन फेज) की शुरुआत हो गई। इसके तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण और संग्रहण करेंगे।

अभियान के पहले दिन मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पलामू क्लब, मदरसा अलहेदाया कुंड मुहल्ला और मेदिनीनगर नगर निगम के पुराने भवन में अवस्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान आयोजित चुनाव पाठशालाओं में शामिल होकर उन्होंने मतदाताओं और संबंधित कर्मियों से बातचीत भी की। चुनाव पाठशालाओं में बीएलओ, बीएलए-2, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को विशेष पुनरीक्षण अभियान, नए मतदाताओं के पंजीकरण एवं मतदाता सूची के अद्यतन से संबंधित जानकारी दी गई। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संचालित की जा रही है।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे बीएलओ को आवश्यक सहयोग दें और एन्यूमरेशन फॉर्म सही तरीके से भरकर समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सके।

मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ असीम, उप निर्वाचन पदाधिकारी उदय रजक सहित अन्य उपस्थित थे।