सदर अस्पताल, रांची के ब्लड सेंटर की ओर से मंगलवार को आयोजित स्वैच्छिक रक्तदाता सम्मान समारोह में खूंटी के नियमित रक्तदाता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रकाश टूटी को उनके उल्लेखनीय रक्तदान योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में सिविल सर्जन प्रभात कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
प्रकाश टूटी को वर्ष 2025 के दौरान तीन बार स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उनके नियमित रक्तदान और सामाजिक सेवा के प्रति समर्पण की सराहना की गई।
सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रकाश टूटी ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वैच्छिक रक्तदान को सामाजिक दायित्व मानते हुए नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं का सम्मान है जो निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा कर रहे हैं।