उतार चढ़ाव के बीच गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 707 अंक तक लुढ़का - सरस जनवाद

उतार चढ़ाव के बीच गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 707 अंक तक लुढ़का

Share

नई दिल्ली, 30 जून । आईटी सेक्टर में हुई जोरदार बिकवाली और इंडिया वोलैटिलिटी इंडेक्स में आई तेजी की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज मजबूत शुरुआत करने के बावजूद कमजोरी के साथ बंद हुआ। आज पूरे दिन के कारोबार में तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान चलती रही, जिसके कारण बाजार की चाल में भी लगातार उतार-चढ़ाव होता रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.33 प्रतिशत और निफ्टी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान आईटी सेक्टर के शेयरों में जमकर बिकवाली होती रही, जिसकी वजह से निफ्टी का आईटी इंडेक्स 2.73 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसके अलावा बैंकिंग, एफएमसीजी, मीडिया और मेटल इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी, ऑटोमोबाइल और कैपिटल गुड्स सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह हेल्थ केयर, ऑयल एंड गैस तथा पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज आमतौर पर खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.02 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के बावजूद स्मॉलकैप शेयरों में हुई जोरदार खरीदारी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 474.25 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 472.74 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.51 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,421 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,332 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,904 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 185 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,991 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,634 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,357 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 11 शेयर बढ़त के साथ और 19 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 22 शेयर हरे निशान में और 28 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 277.14 अंक की मजबूती के साथ 77,005.51 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के थोड़ी देर बाद ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की होड़ शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक 308.99 अंक की तेजी के साथ 77,037.36 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसी तरह शेयरों की बिक्री बढ़ जाने पर यह सूचकांक 398.98 अंक की कमजोरी के साथ 76,329.39 अंक के स्तर तक गिर भी गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 249.70 अंक की गिरावट के साथ 76,478.67 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 85.80 अंक उछल कर 24,032.05 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद तेजड़ियों और मंदड़ियों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से पूरे दिन निफ्टी की चाल ऊपर नीचे होती रही। लिवाली के सपोर्ट से यह सूचकांक 89.30 अंक की बढ़त के साथ 24,035.55 अंक के स्तर तक पहुंचा। वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 206.35 अंक टूट कर 117.05 अंक की कमजोरी के साथ 23,829.20 अंक के स्तर तक गिर भी गया। दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद निफ्टी 80.50 अंक लुढ़क कर 23,865.75 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

पूरे दिन के कारोबार के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से मारुति सुजुकी 5.24 प्रतिशत, टाइटन कंपनी 2.96 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 2.48 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.31 प्रतिशत और टीएमपीवी 2.07 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, आयशर मोटर्स 4.75 प्रतिशत, इंफोसिस 3.50 प्रतिशत, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स 3.34 प्रतिशत, टीसीएस 3.17 प्रतिशत और विप्रो 2.90 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

———–