हरिद्वार, 30 जून ।नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में स्ट्रीट वेंडर्स में लघु व्यापार संगठन के नेतृत्व में आंदोलन का निर्णय किया है। रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पंजीकृत स्ट्रीट वेंडर्स और लघु व्यापारियों ने मंगलवार को आमसभा आयोजित कर आंदोलन करने का निर्णय लिया।
लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने आरोप लगाया कि नगर निगम अपने ही लाइसेंसधारी व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति के तहत पूर्व निर्धारित 600 स्ट्रीट वेंडरों की क्षमता वाले वेंडिंग जोन को विकसित कर सभी पंजीकृत व्यापारियों को वहां स्थापित करने की मांग की। संजय चोपड़ा ने कहा कि वर्ष 2018 में नगर निगम ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के 725 स्ट्रीट वेंंडर्स का सर्वे कर पंजीकरण किया था तथा लगातार लाइसेंस जारी किए जाते रहे हैं।ऐसे में उन्हें हटाना नीति का उल्लंघन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर व्यापारियों को व्यवस्थित नहीं किया गया तो 7 जुलाई को नगर निगम का घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी समाधान न होने पर सचिवालय, देहरादून पर प्रदर्शन किया जाएगा।
सभा में नरेश तोमर, कमल सिंह, आशा देवी, सुमन गुप्ता, नीतीश अग्रवाल, कपिल गर्ग, दारा सिंह, हरिद्वार लाल, चंदन रावत, मनीष शर्मा, विमल कुमार, शिव कुमार गुप्ता, शिव कुमार ठाकुर, कपिल सहित अनेक स्ट्रीट वेंडर्स मौजूद रहे।