पूर्वी सिंहभूम, 19 मई । शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा रोड नंबर-9 में मंगलवार को एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात चोरों ने बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक पीके पटनायक पत्नी के साथ 08 मई को बेटी के ससुराल बेंगलुरु गए हुए थे। घर की देखरेख के लिए उन्होंने पड़ोसी को चाबी सौंप रखी थी, ताकि काम करने वाली नौकरानी आने पर घर खोला जा सके। मंगलवार सुबह जब नौकरानी घर पहुंची तो उसने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाने पर घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उसने तत्काल पड़ोसियों और परिजनों को सूचना दी।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। चोरी को लेकर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घर के भीतर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
बताया जा रहा है कि चोर घर से करीब 06 तोला सोने के जेवरात और लगभग 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी हुए जेवरों की कीमत करीब 08 से 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों को पहले से इस बात की जानकारी थी कि घर कई दिनों से बंद पड़ा है। थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।