एनएच-23 के किनारे जीएम लैंड पर दलालों की नजर, ग्रामीणों ने डीसी से लगाई गुहार

Share

रामगढ़, 19 मई । जिले के गोला प्रखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग-23 से सटे 12 एकड़ भूमि पर दलालों की नजर है। भूमि माफिया तोयर मौजा के थाना नंबर 17 खाता नंबर 67 प्लॉट नंबर 1300 की 12 एकड़ गैरमजरुआ भूमि को खरीद बिक्री करने और कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर मंगलवार को दर्जनों ग्रामीण डीसी ऋतुराज से मिलने पहुंचे। उन लोगों ने डीसी को बताया कि सर्वे खतियान में थाना नंबर 17, खाता नंबर 67, प्लॉट नंबर 1300, रकबा 12 एकड़ भूमि गैरमजरुआ खास दर्ज है।

ग्रामीणों ने डीसी को बताया कि इस प्लॉट में योगेंद्र करमाली, बलदेव करमाली, सुकर करमाली, विशेश्वर करमाली, गुजर करमाली वगैरह लोग खेती बाड़ी करते आ रहे थे। बाद में उक्त जमीन परती रही, तो बच्चों के खेलकूद का मैदान बन गया। वर्ष 2005 में दिवाकर ओझा, पंचानन ओझा की ओर से जाली दस्तावेज तैयार कर एक वाद सिविल कोर्ट हजारीबाग में दायर किया गया। जिसे 2015 में न्यायालय ने खारिज कर दिया। दिवाकर ओझा और उनके सहयोगियों ने दोबारा मिसलेनियस केस हजारीबाग काेर्ट में दाखिल किया। जिसे वर्ष 2024 में एक बार फिर खारिज किया गया,

क्योंकि यह जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग 23 से सटा है। सोची समझी साजिश के तहत उन लोगों ने जमीन की बिक्री के लिए करमाली परिवार से समझौता भी कर लिया। बाद में दोनों पक्षों ने आपस में यह तय कर लिया कि उस जमीन पर दोनों पक्षों की ओर से किसी प्रकार का विवाद कोर्ट में दायर नहीं किया जाएगा।

दिवाकर ओझा उर्फ अजय ओझा ने विपिन बिहारी प्रसाद और आनंद कुमार महतो के पक्ष में उस जमीन की बिक्री करने के लिए इकरारनामा तैयार किया गया। उन लोगों ने सरकारी जमीन को लाखों रुपये प्रति डिसमिल के दर से भोला कुमार दांगी के पक्ष में बिक्री करने का भी एग्रीमेंट बना लिया।