सुपौल, 18 मई । जिले के नदी थाना अंतर्गत इलाके में सोमवार का दिन एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गया। दोपहर में दोस्तों के साथ नदी किनारे खेलने और नहाने गया आठ वर्षीय बच्चा अचानक कोसी की तेज धारा में गायब हो गया।
घटना के बाद पूरे गांव में बेचैनी और मातम का माहौल है। सिसौनी पंचायत निवासी रुस्तम का बेटा सजेबोल बच्चों के साथ नदी में उतरा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में वह गहरे पानी की ओर चला गया। साथी बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के आगे सब बेबस नजर आए। देखते ही देखते मासूम पानी में ओझल हो गया।
बच्चे के लापता होने की खबर फैलते ही गांव के लोग नदी किनारे दौड़ पड़े। किसी ने नाव की मदद ली तो कोई पानी में उतरकर तलाश करता रहा। घंटों चले प्रयास के बावजूद बच्चे का पता नहीं चल पाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोसी नदी में इन दिनों पानी का बहाव काफी तेज है, जिससे खोज अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। सूचना मिलने के बाद प्रशासन भी सक्रिय हुआ और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू करने की तैयारी की गई।
घर में चीख-पुकार और गांव में पसरे सन्नाटे के बीच हर किसी की नजर अब नदी की ओर टिकी है। लोग मासूम के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं।