केदारनाथ/बदरीनाथ, 18 मई । सतपाल महाराज ने सोमवार को श्री केदारनाथ और श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और विश्व शांति की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसरों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों और चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
मीडिया से बातचीत में सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा रिकॉर्ड स्तर पर चल रही है और राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक शक्ति पूरे विश्व को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है।
उन्होंने बताया कि उनकी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया है। इसके तहत प्रत्येक धाम के लिए 2.50 करोड़ रुपये का बीमा निर्धारित किया गया है। बीमा पॉलिसी में भगदड़, प्राकृतिक आपदा और आतंकवाद जैसी परिस्थितियों में प्रभावित प्रत्येक श्रद्धालु को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
सतपाल महाराज ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराने, आवश्यक दवाइयां साथ रखने और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर उनकी पुत्रवधू आराध्या रावत एवं मोहिना रावत भी मौजूद रहीं