हमीरपुर 19 मई ( हि. स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिला अस्पताल की एमरजेंसी में मंगलवार को एक मरीज की मौत से ग्रामीणों के साथ आए परिजनों ने जमकर हंगामा काटा! डॉक्टर और स्टॉफ की पिटाई कर मशीने तोड़ दी गई। डॉक्टर को बचाने मौक़े पर पहुँचे गार्ड की भी जमकर धुनाई कर दी गई। घटना से गुस्साए डॉक्टर और स्टॉफ ने एमरजेंसी सेवाएं ठप कर दी है। घटना की तहरीर पर पुलिस ने जाँच शुरू कर दी है।
हमीरपुर जिले के बिंवार के अतरार ग्राम निवासी जीतेन्द्र 25 वर्ष ने आज सल्फास की गोलियां खा लीं। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था जहाँ डॉक्टर महेंद्र कुमार ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया! जैसे ही परिजन उसे अस्पताल की एमरजेंसी से एम्बुलेंस तक ले गए तो किसी के कहने पर जीतेन्द्र को दोबारा एमरजेंसी में डॉक्टर के पास परिजन ले आए। यहां जाँच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। मरीज की मौत से परिजन और साथ आए तमाम तिमारदारों ने डॉक्टर की पिटाई शुरू कर दी। स्टॉफ कर्मी विपिन को पीटा और मशीन जमीन पर फेककर तोड़ दी गई। स्टॉफ कर्मी का गला घोटने का प्रयास किया गया! पर आए गार्ड को जमकर पीटा गया। मारपीट में डॉक्टर को चोटे आई है। घटना से गुस्साए अस्पताल के सभी डॉक्टरों और स्टॉफ ने एमरजेंसी सेवाएं व ओपीडी ठप कर दी है।
घटना की सूचना पाते ही एसडीएम सीओ और अन्य अधिकारी मौक़े पर पहुंच गए है। डॉक्टर महेंद्र कुमार व स्टॉफ कर्मी ने घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ आरएस प्रजापति ने बताया घटना की तहरीर कोतवाली में दे दी गई है, बताया अस्पताल का पूरा स्टॉफ कोतवाली में मौजूद है।