जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र की परिहारी पंचायत के वार्ड संख्या 2 में सोमवार को एक युवक का शव उसके ही मुर्गी फार्म में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सुजीत कुमार पासवान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुजीत कुमार पासवान बाजार से लौटने के बाद सीधे अपने मुर्गी फार्म चले गए थे। उनकी पत्नी काजल देवी ने उन्हें खाना खाने के लिए फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।जब परिवार के अन्य सदस्य मुर्गी फार्म पहुंचे, तो अंदर से मोबाइल की घंटी बज रही थी। अंदर जाने पर उन्होंने सुजीत का शव फंदे से लटका देखा। बताया जा रहा है कि फार्म बाहर से बंद था, जिससे घटना और रहस्यमई हो गई है।परिजन हत्या कर शव को फंदे से लटका कर बाहर से ताला मार देने की आशंका जाहिर कर रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि मृतक सुजीत कुमार पासवान ने वर्ष 2017 में काजल देवी से प्रेम विवाह किया था। उनकी एक चार वर्षीय बेटी भी है। परिजनों के अनुसार, सुजीत स्वभाव से शांत और मेहनती युवक थे, जो मुर्गी फार्म चलाकर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से ब्लड सहित कई अन्य सैंपल एकत्र किए।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया है।
मामले पर रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या।