सीवान में रोड रेज का खूनी खेल: बरसी गोलियां, युवक की मौत, पिता जिंदगी से जंग लड़ रहा

Share

सीवान, 29 अप्रैल ।नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर आंदर ढाला ओवर ब्रिज के पास बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे सड़क पर हुआ मामूली विवाद अचानक खूनी वारदात में बदल गया। कार सटने भर से भड़के हमलावरों ने हैवानियत की हद पार करते हुए पिता-पुत्र पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।

इस सनसनीखेज गोलीबारी में बीजेपी नेता व पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह के भगिने, पैगंबरपुर निवासी चंदन सिंह के पुत्र हर्ष कुमार सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बहनोई चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत नाजुक देखते हुए उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर किया गया है, जहां वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, चंदन सिंह अपने पुत्र के साथ तिलक समारोह में जाने के लिए सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर परिजनों का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दूसरी कार से हल्की टक्कर हो गई। बात बढ़ी, बहस हुई और देखते ही देखते हमलावरों ने बंदूक निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी पूर्ण कुमार झा और एसडीपीओ अजय कुमार मौके पर पहुंचे और अस्पताल में घायलों का हाल जाना।

पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है।