ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के प्रचार के लिए ग्राम रथ अभियान जारी

Share

जोधपुर, 29 अप्रैल । राज्य सरकार द्वारा कृषि, पशुपालन एवं ग्रामीण विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से 23 से 25 मई को ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिले में ग्राम रथ अभियान प्रारम्भ किया गया है, जो 12 मई तक निरंतर संचालित होगा।

ग्राम रथ के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन एवं सहकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है। इसके साथ ही जल संसाधन, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभागों की सहभागिता से कृषकों, पशुपालकों एवं आम ग्रामीणों को उनकी उन्नति के लिए संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया जा रहा है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना है। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि तीस अप्रैल को लूणी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पंचायत समिति लूणी की ग्राम पंचायत नया सजाडा खुर्द, मोडी जोशियान, खाराबेरा पुरोहितान, धिंगाणा एवं मोगड़ा कलां से ग्राम रथ रवाना किए जाएंगे। इसी क्रम में बिलाड़ा विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति मण्डोर की ग्राम पंचायत बिसलपुर, रूडकली एवं पीथावास से भी ग्राम रथ संचालित होंगे। भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति पीपाड़ की ग्राम पंचायत शेख नगर, उपदमजे खुर्द, बाड़ा कल्ला एवं कूड से तथा ओसियां विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति बावड़ी की ग्राम पंचायत अणवाणा, केलावा कलां विनायकपुरा एवं भवाद से ग्राम रथ पहुंचेंगे। इसके अतिरिक्त शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की पंचायत समिति शेरगढ़ की ग्राम पंचायत लुम्बानसर, गेनाणगढ़ चाबा, भोमसागर, चुतरपुरा, पाबूसर, रावतसर एवं दासानिया से भी ग्राम रथ संचालित किए जाएंगे।