रायपुर, 17 जून । रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर जोन ने गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को गुढ़ियारी, पंडरी और उरला पुलिस ने संयुक्त रूप से गांजा तस्करी करने वाले 4 आरोपितों को रंगे हाथों परिवहन करते और गांजा की बिक्री करते गिरफ्तार किया है। पकड़े गए 4 आरोपितों में से 2 आरोपित अंतर्राज्यीय हैं।
उत्तर जोन के डीसीपी मयंक गुर्जर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि, रायपुर कमिश्नरेट के 3 थाना क्षेत्र में पुलिस ने दबिश देकर 4 आरोपितों को पकड़ा है, जिसमें 2 आरोपित उत्तर प्रदेश के झांसी के रहने वाले हैं जिनके नाम आकाश रायकवाड और धीरज रायकवाड है। वहीं 2 आरोपित रायपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्र के हैं जिनके नाम संतराम निषाद और कमलेश पटेल हैं।
थाना गुढ़ियारी पुलिस की टीम ने कबीर चौक स्थित ओव्हर ब्रीज के नीचे सब्जी बाजार के पास दबिश दी। गांजा का परिवहन करते अंतर्राज्यीय आरोपित आकाश रायकवाड़ एवं धीरज रायकवाड़ के कब्जे से 9 किलो 866 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमती लगभग 4 लाख 93 हजार रुपये है।
17 जून को थाना प्रभारी पण्डरी के नेतृत्व में दलदल सिवनी कचड़ा गोदाम के पास दबिश दी गई जहां गांजा की बिक्री करते आरोपित कमलेश पटेल निवासी पण्डरी रायपुर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 2 किलो 285 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये है।
थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में बीरगांव स्थित बुधवारी बाजार के पास कार्रवाई की गई। गांजा बिक्री करते हुए आरोपित संतराम निषाद निवासी उरला रायपुर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम गांजा मिला जिसकी लगभग 53 हजार रुपये है। आरोपितों के कब्जे से 13.451 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 6 लाख 72 हजार 550 रुपये है। आरोपितों के विरूद्ध थाना उरला, गुढ़ियारी एवं पण्डरी में नारकोटिक एक्ट के तहत कार्यवाही की गई है।